बुजुर्गों को विदेश यात्रा का सपना दिखाकर करोड़ों की ठगी, आरोपी गिरफ्तार

  • विदेश यात्रा का झांसा देकर लाखों की ठगी करने वाली श्रद्धा राजपूत गिरफ्तार, 10 साल से थी फरार

रायपुर @ विदेश घूमाने का सपना दिखाकर रायपुर के कई लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने वाली महिला आरोपी श्रद्धा राजपूत आखिरकार 10 साल बाद पुलिस के हत्थे चढ़ गई। सीनियर सिटीजन को टारगेट बनाकर विदेशी टूर पैकेज के नाम पर करीब 35 लाख 20 हजार रुपये हड़पने वाली यह आरोपी लंबे समय से फरार चल रही थी। सिविल लाइन पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर उसे गुढ़ियारी इलाके से गिरफ्तार किया है।

श्याम प्लाजा में चलाती थी ऑफिस, बुजुर्गों को बनाती थी निशाना

आरोपिया श्रद्धा राजपूत और उसके साथी कमर एजाज अहमद ने साल 2014 में पंडरी बस स्टैंड के सामने श्याम प्लाजा में “इमाम टूर एंड ट्रेवल्स” के नाम से ऑफिस खोला। दोनों ने सिंगापुर, बैंकॉक, हांगकांग और गोवा जैसे डेस्टिनेशनों के लिए आकर्षक पैकेज का प्रचार किया और 20 से 25 लोगों से एडवांस लेकर करीब 35 लाख रुपये ऐंठ लिए। खास बात यह रही कि उन्होंने बुजुर्गों को अपने जाल में फंसाया, जो रिटायरमेंट के बाद जीवन में एक बार विदेश घूमने का सपना देख रहे थे।

फरार थी श्रद्धा, गुप्त सूचना पर पकड़ी गई

प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना सिविल लाइन की टीम ने लगातार निगरानी और मुखबिरी के जरिए सूचना जुटाई। हाल ही में टीम को पता चला कि श्रद्धा गुढ़ियारी इलाके में गुपचुप तरीके से रह रही है। पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने कबूल किया कि वह ट्रेवल कंपनी में टेली कॉलिंग और अकाउंट संभालती थी और ग्राहकों से पैसे इकट्ठा कर कमीशन लेती थी।

मुख्य आरोपी अब भी फरार, तलाश जारी

इस मामले का मुख्य आरोपी कमर एजाज अहमद अभी भी फरार है, जिसकी सरगर्मी से तलाश की जा रही है। पुलिस ने उसके खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी कर दिया है।

10 साल पुराना केस सुलझा, पुलिस की बड़ी सफलता

यह गिरफ्तारी रायपुर पुलिस के उस विशेष अभियान का हिस्सा है, जिसमें सालों से लंबित अपराधों को फिर से सक्रिय रूप से लिया जा रहा है। पुलिस महानिरीक्षक अमरेश मिश्रा और एसएसपी लाल उमेद सिंह के निर्देश पर थाना प्रभारियों को पुराने मामलों में त्वरित कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं। श्रद्धा की गिरफ्तारी उसी कड़ी का हिस्सा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *