डब्ल्यूआरएस दशहरा मैदान में होगा 101 फीट ऊंचे रावण का दहन

विजयादशमी पर उमड़ेगा जनसैलाब, पांच लाख लोगों के पहुंचने की संभावना

रायपुर। राजधानी के डब्ल्यूआरएस कॉलोनी स्थित दशहरा मैदान में विजयादशमी पर भव्य दशहरा उत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान 101 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन और आकर्षक आतिशबाजी मुख्य आकर्षण होंगे। आयोजन में लगभग पांच लाख लोगों के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।

कार्यक्रम में राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, महापौर मीनल चौबे सहित प्रदेश के मंत्री, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधि शामिल होंगे।

रायपुर उत्तर के विधायक पुरन्दर मिश्रा ने उत्सव की तैयारियों की जानकारी देते हुए कहा कि दशहरा सत्य की असत्य पर और अच्छाई की बुराई पर विजय का प्रतीक है। भगवान श्रीराम के आदर्श समाज को सत्य, धर्म और कर्तव्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं।

सुरक्षा और सुविधाओं पर विशेष जोर

पांच लाख लोगों की संभावित भीड़ को देखते हुए पार्किंग, यातायात, पेयजल, चिकित्सा सहायता, स्वच्छता और प्रकाश व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। भीड़ प्रबंधन, पुलिस सुरक्षा और अग्निशमन की व्यवस्था भी प्राथमिकता में रहेगी। रावण दहन और आतिशबाजी के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया जाएगा।

विधायक मिश्रा ने नागरिकों से परिवार सहित उत्सव में शामिल होने की अपील की। उन्होंने लोगों से प्रशासन के निर्देशों का पालन करने, निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने और आतिशबाजी के दौरान सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की। यह आयोजन धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक परंपरा और सामाजिक एकता का संदेश देगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *