डब्ल्यूआरएस में 101 फीट के रावण का भव्य दहन, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मौजूदगी में मनाया गया श्रीराम विजयादशमी उत्सव

रायपुर। डब्ल्यूआरएस कॉलोनी में विजयादशमी के अवसर पर 56 वर्षों से चली आ रही परंपरा के तहत श्रीराम विजयादशमी उत्सव भव्यता और उल्लास के साथ मनाया गया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की गरिमामयी उपस्थिति में 101 फीट ऊंचे रावण का भव्य दहन किया गया। इस दौरान पूरा परिसर जय श्रीराम के जयघोष से गूंज उठा। बड़ी संख्या में नागरिक उत्सव देखने पहुंचे।

रायपुर उत्तर विधायक पुरन्दर मिश्रा ने कहा कि विजयादशमी केवल धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि बुराई पर अच्छाई, अधर्म पर धर्म और असत्य पर सत्य की विजय का संदेश देने वाला पर्व है। भगवान श्रीराम का जीवन सत्य, मर्यादा, त्याग, कर्तव्य और न्याय के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि रावण दहन के साथ हमें अपने भीतर के अहंकार, असत्य और नकारात्मकता को समाप्त करने का संकल्प लेना चाहिए।

विधायक ने कहा कि डब्ल्यूआरएस का दशहरा उत्सव 56 वर्षों से धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक विरासत को जीवंत बनाए हुए है। यह परंपरा नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और भगवान श्रीराम के आदर्शों से जोड़ने का माध्यम है।

आयोजन में मुंबई और कोलकाता से आए कलाकारों ने आकर्षक आतिशबाजी प्रस्तुत की। 145 फीट के विशेष पटाखे का प्रदर्शन भी आकर्षण का केंद्र रहा। पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए प्रदूषण रहित आतिशबाजी पर जोर दिया गया।

कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, आयोजन समिति के सदस्य और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। आयोजन की सफलता पर सभापति सूर्यकांत राठौड़ ने सभी अतिथियों, कार्यकर्ताओं और नागरिकों का आभार जताया। संचालन रविन्द्र कुमार दत्ता और आकांक्षा दुबे ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *