प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली के लिए की मंगलकामना
रायपुर। डब्ल्यूआरएस कॉलोनी स्थित प्रसिद्ध सोलहपुरी माता मंदिर में मंगलवार को रायपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र के विधायक पुरन्दर मिश्रा ने माता रानी के दर्शन कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उन्होंने माता के श्रीचरणों में शीश नवाकर आशीर्वाद प्राप्त किया और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
पूजा-अर्चना के दौरान विधायक मिश्रा ने प्रार्थना की कि माता रानी की कृपा सदैव छत्तीसगढ़वासियों पर बनी रहे। उन्होंने प्रदेश के प्रत्येक परिवार में सुख-शांति, उत्तम स्वास्थ्य और समृद्धि का वास होने की कामना की। साथ ही छत्तीसगढ़ के निरंतर विकास, शांति और खुशहाली के लिए भी माता रानी से प्रार्थना की।
इस अवसर पर विधायक पुरन्दर मिश्रा ने कहा कि धार्मिक स्थल लोगों की आस्था और विश्वास के केंद्र होते हैं। माता रानी के दरबार में पहुंचकर मन को आध्यात्मिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा मिलती है। उन्होंने प्रदेशवासियों के जीवन में सुख, शांति और सकारात्मकता बनी रहने की मंगलकामना करते हुए सभी के उज्ज्वल भविष्य की प्रार्थना की।

