- तेन्दूपत्ता संग्राहकों की आमदनी में इजाफा, “वन नेशन वन इलेक्शन” को बताया समय की जरूरत
Raipur: नारायणपुर जिले के भानपुरी मंडल में वनमंत्री केदार कश्यप ने क्षेत्रवासियों को विकास कार्यों की बड़ी सौगात दी। अपने एक दिवसीय प्रवास के दौरान उन्होंने करीब 1 करोड़ 18 लाख रुपये के निर्माण कार्यों का भूमिपूजन कर विकास की रफ्तार को और तेज करने का भरोसा दिलाया। मंत्री ने सभा में जनता को संबोधित करते हुए कहा कि बस्तर अब नक्सल मुक्त, आत्मनिर्भर और तेज़ी से तरक्की की राह पर बढ़ रहा है।

वनमंत्री केदार कश्यप ने मंगलवार को नारायणपुर विधानसभा क्षेत्र के भानपुरी मंडल के विभिन्न गांवों में विकास कार्यों की आधारशिला रखी। ग्राम पंचायत मांदलापाल, कुंगारपाल, बाकेल और भानपुरी में आंगनबाड़ी केंद्र, सांस्कृतिक मंच, चबूतरा, सीसी सड़क निर्माण और हाईमास्ट लाइट जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए कुल 1 करोड़ 18 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बस्तर का विकास अब सपना नहीं, हकीकत बन रहा है। नेल्लानार योजना जैसे कार्यक्रमों से बस्तर के दूरस्थ इलाकों में भी सरकार की योजनाएं पहुंच रही हैं, जहाँ पहले कांग्रेस की सरकारें विकास नहीं पहुँचा पाईं।

वनमंत्री ने तेन्दूपत्ता संग्राहकों को लेकर सरकार की संवेदनशीलता भी साझा की। उन्होंने बताया कि तेन्दूपत्ता की दर बढ़ाने और प्रत्येक पत्ता की खरीदी सुनिश्चित करने का वादा सरकार ने निभाया है। इसके अलावा अन्य लघु वनोपजों की खरीद से भी जनजातीय समाज की आमदनी में इजाफा हो रहा है।

अपने संबोधन में उन्होंने “वन नेशन वन इलेक्शन” की वकालत करते हुए कहा कि यह समय की मांग है। इससे न केवल सरकारी खर्च में कटौती होगी बल्कि बार-बार चुनावों से जो विकास कार्य प्रभावित होते हैं, उनसे राहत मिलेगी। यह अभियान देश को एक शक्तिशाली राष्ट्र के रूप में उभारने में सहायक होगा।
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रवासियों में खासा उत्साह देखा गया। मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि बस्तर को संवारना भाजपा का संकल्प है और अब हमारा बस्तर हर दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है।
