डिब्रूगढ़ और चारायडी के गांवों में कर रहे जनसंपर्क, घर-घर जाकर कांग्रेस को वोट देने की अपील
रायपुर @ असम में हो रहे पंचायत चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपनी रणनीति तेज कर दी है। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ के पूर्व विधायक और कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता विकास उपाध्याय इन दिनों एक सप्ताह के असम दौरे पर हैं। वे लगातार गांव-गांव जाकर कांग्रेस प्रत्याशियों के लिए प्रचार कर रहे हैं और जनता से कांग्रेस को वोट देने की अपील कर रहे हैं।

गांव-गांव में जनसंपर्क, नुक्कड़ सभा और रैली से जोड़ रहे लोगों को
डिब्रूगढ़ और चारायडी जिलों के कई गांवों में विकास उपाध्याय ने जनसंपर्क अभियान चलाया है। वे घर-घर जाकर लोगों से मिल रहे हैं और कांग्रेस की नीतियों को बता रहे हैं। नुक्कड़ नाटक, आमसभा और छोटी-छोटी रैलियों के माध्यम से वे लोगों को जागरूक कर रहे हैं कि आज के समय में कांग्रेस ही एकमात्र पार्टी है जो आम जनता की तकलीफों को समझती है और उनके लिए काम करती है। उन्होंने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी और किसानों की समस्याओं से लोग परेशान हैं। ऐसे में जनता को अब ऐसे जनप्रतिनिधि चुनने की जरूरत है जो उनके साथ खड़े हों, उनकी बात सुने और ज़मीनी स्तर पर काम करें।

“कांग्रेस हर वर्ग के हित में काम करती है” – विकास उपाध्याय
विकास उपाध्याय ने अपने संबोधन में कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा गरीब, किसान, मध्यम वर्ग, युवा और छात्रों की आवाज़ उठाती रही है। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार ने केवल बड़े उद्योगपतियों का साथ दिया है जबकि आम जनता की समस्याओं को नजरअंदाज किया है। वहीं, कांग्रेस जनता के दुख-दर्द में साथ देती है और सबको साथ लेकर विकास की राह पर चलती है। उन्होंने कहा – “यह चुनाव सिर्फ गांव या जिले का नहीं है, यह एक बड़ा संदेश देने का समय है कि जनता अब बदलाव चाहती है। कांग्रेस वही विकल्प है जो देश और प्रदेश दोनों को सही दिशा दे सकती है।”

कांग्रेस को वोट देने की अपील
अपनी जनसभाओं में उपाध्याय लगातार जनता से अपील कर रहे हैं कि कांग्रेस के प्रत्याशियों को वोट दें ताकि पंचायत स्तर पर एक मजबूत और संवेदनशील नेतृत्व सामने आए जो जनता की समस्याओं को प्राथमिकता दे। उन्होंने कहा कि गांव की तरक्की तभी संभव है जब नेतृत्व मजबूत और ईमानदार हो।
