सृष्टि सेवा संकल्प ने पहलगांव हमले के शहीदों की याद में जलाईं मोमबत्तियाँ

रायपुर @ पहलगांव (जम्मू-कश्मीर) में 22 अप्रैल को हुई आतंकी हमले की दर्दनाक घटना से पूरे देश में शोक की लहर है। इसी सिलसिले में सृष्टि सेवा संकल्प संस्था, इकाई रायपुर के कार्यकर्ताओं ने 24 अप्रैल की शाम शहीद उद्यान, रायपुर में एकत्र होकर हमले में शहीद हुए निर्दोष नागरिकों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यकर्ताओं ने हाथों में मोमबत्तियाँ जलाकर और पुष्प व मालाएँ अर्पित कर शहीदों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। उपस्थित जनों ने कुछ पलों के लिए मौन धारण कर देशवासियों के दर्द को साझा किया और आतंकवाद के खिलाफ एकजुट रहने का संदेश दिया।

सृष्टि सेवा संकल्प के पदाधिकारियों ने कहा कि ऐसी घटनाएँ देश की एकता और शांति को चुनौती देती हैं, लेकिन हम सभी को मिलकर इनके खिलाफ आवाज उठानी चाहिए। श्रद्धांजलि सभा में युवाओं की भागीदारी विशेष रही, जिससे यह साफ झलका कि आज की पीढ़ी भी देश की सुरक्षा और अखंडता को लेकर सजग है।

कार्यक्रम का उद्देश्य न केवल शहीदों को याद करना था, बल्कि समाज को यह संदेश देना भी था कि हम आतंकवाद के खिलाफ एकजुट हैं और देश के हर नागरिक के जीवन की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *