संदीप को हटाकर आकाश को बनाया निगम नेता प्रतिपक्ष, इसलिए भड़का साहू समाज

रायपुर @ नगर निगम रायपुर में नेता प्रतिपक्ष के पद से संदीप साहू को हटाकर आकाश तिवारी की नियुक्ति कर दी गई है। कांग्रेस पार्टी के इस फैसले ने साहू समाज को नाराज कर दिया है। समाज के युवा प्रकोष्ठ ने इसे एकतरफा और समाज के सम्मान के खिलाफ बताया है।साहू समाज का कहना है कि संदीप साहू पिछले कुछ वर्षों से जनसमस्याओं को निगम में मजबूती से उठा रहे थे। उन्होंने पार्टी के साथ रहते हुए लगातार विपक्ष की भूमिका को गंभीरता से निभाया और जनता के बीच सक्रिय रहे।

इसके बावजूद उन्हें बिना किसी पूर्व सूचना के पद से हटाना न केवल गलत है, बल्कि समाज के साथ अन्याय भी है।साहू समाज के रायपुर जिला युवा प्रकोष्ठ के संयोजक देवदत्त साहू ने कहा कि यह फैसला समाज के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाला है। उन्होंने कहा कि समाज के कार्यकर्ताओं में इस निर्णय को लेकर भारी आक्रोश है। उनका कहना है कि कांग्रेस पार्टी को इसका जवाब देना होगा।

इस निर्णय के विरोध में साहू समाज के युवा प्रकोष्ठ की ओर से कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज और जिला अध्यक्ष गिरीश दुबे को निंदा पत्र सौंपा जाएगा। साथ ही 24 घंटे के भीतर संदीप साहू को फिर से नेता प्रतिपक्ष नियुक्त करने की मांग की जाएगी।

यदि मांगें पूरी नहीं हुईं तो रायपुर में साहू समाज द्वारा शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन किया जाएगा, जिसमें समाज के सभी वर्गों से भागीदारी की अपील की गई है।युवा प्रकोष्ठ ने साफ कहा है कि यह मुद्दा केवल एक पद का नहीं, बल्कि पूरे समाज के आत्मसम्मान और राजनीतिक प्रतिनिधित्व का है। साहू समाज हमेशा एकजुट रहा है और इस बार भी अपनी एकता का परिचय देगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *