पंजाब से लाए थे नशा, रायपुर में पकड़े गए दो तस्कर

– पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में हेरोइन चिट्टा जब्त

रायपुर। पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। आमानाका थाना क्षेत्र में टाटीबंध स्थित काका ढाबा के पास सुलभ शौचालय के पीछे दो युवकों को हेरोइन चिट्टा जैसे खतरनाक नशे के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपी पंजाब के अमृतसर जिले के रहने वाले हैं, जो नशे का सामान लेकर रायपुर पहुंचे थे और यहां बिक्री करने की फिराक में थे।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो संदिग्ध युवक इलाके में नशे की डीलिंग करने वाले हैं। सूचना के आधार पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और आमानाका थाना पुलिस की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दोनों को पकड़ा। गिरफ्तार किए गए युवकों के नाम धर्मेन्द्र सिंह और अमृतपाल सिंह हैं।

तलाशी के दौरान उनके पास से 12.69 ग्राम हेरोइन चिट्टा, एक तौल मशीन और बिक्री की रकम बरामद की गई है। जब्त किए गए सभी सामान की कुल कीमत लगभग 1 लाख 28 हजार 900 रुपये आंकी गई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ नारकोटिक एक्ट की धारा 21(बी) के तहत अपराध दर्ज किया है।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे यह मादक पदार्थ अमृतसर, पंजाब से लाए थे। इस पूरे अभियान में एंटी क्राइम यूनिट और आमानाका पुलिस की टीम का अहम योगदान रहा। पुलिस का कहना है कि शहर में नशे के कारोबार पर रोक लगाने का अभियान लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *