- वन्यजीवों के प्रति बढ़ती क्रूरता पर लगी लगाम
- नक्सल क्षेत्र में वन व पुलिस टीम की संयुक्त कार्रवाई

रायपुर@ सुकमा जिले के घने जंगलों में एक भालू के साथ हुई क्रूरता और हत्या के वायरल वीडियो ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया था। इस अमानवीय घटना को लेकर वन मंत्री केदार कश्यप ने इसे अक्षम्य अपराध मानते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए थे। उनके निर्देश के बाद वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने गंभीरता से जांच शुरू की और आखिरकार दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
वायरल वीडियो के आधार पर हुई थी पीआईएल
भालू के साथ हुई निर्मम हरकत का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ा। विभिन्न समाचार पत्रों में खबरें छपने के बाद इस मामले में उच्च न्यायालय बिलासपुर में जनहित याचिका (पीआईएल ) भी दाखिल की गई। इसे गंभीरता से लेते हुए वन मंत्री केदार कश्यप ने पीसीसीएफ वाइल्ड लाइफ व वन बल प्रमुख को कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

जांच टीम ने जंगलों में की सघन तलाश
जांच में सामने आया कि यह घटना सुकमा जिले के किस्टाराम क्षेत्र की हो सकती है। सीसीएफ आरसी दुग्गा के निर्देश पर वन मंडलाधिकारी सुकमा ने एक विशेष जांच दल गठित किया। टीम ने आसपास के ग्रामों, पोटा केबिन स्कूलों और नक्सल प्रभावित इलाकों में सघन पूछताछ और निगरानी अभियान चलाया। ग्राम पुट्टेपाड़ के दो युवकों वंडो भीमा (18-20 वर्ष) और चंडो देवा (37-40 वर्ष) को संदेह के आधार पर चिह्नित किया गया।
10 हजार का ईनाम घोषित, नाम रखा गया गोपनीय
वन विभाग ने इस मामले में आरोपियों की जानकारी देने वालों को 10 हजार का इनाम देने की घोषणा की और जानकारी देने वाले का नाम गोपनीय रखने का भरोसा दिलाया। इस अभियान में स्थानीय नागरिकों का भी सहयोग लिया गया।गिरफ्तार किए गए आरोपियों पर वन अपराध प्रकरण क्रमांक 9982/21 दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। वन विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि वन्यजीवों के साथ किसी भी प्रकार की हिंसा को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

तेलंगाना सीमा तक फैला जांच का दायरा
आरोपी घटना के बाद फरार हो गए थे और उनकी तलाश में वन विभाग की टीम को तेलंगाना की सीमा तक जाना पड़ा। तेलंगाना के भद्रकाली जिला पुलिस और भद्राचलम वन विभाग से भी संपर्क कर जांच को विस्तार दिया गया। टीम की मेहनत रंग लाई और 14 अप्रैल को दोनों आरोपी पकड़े गए।
वन मंत्री ने दी सख्त कार्रवाई की चेतावनी
वन मंत्री केदार कश्यप ने घटना को अत्यंत दुखद बताते हुए कहा, “वन्यजीव हमारे प्राकृतिक धरोहर हैं और उनकी सुरक्षा सिर्फ शासन-प्रशासन की नहीं बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है। भालू के साथ जो क्रूरता हुई, वह माफी के लायक नहीं है। हमने तत्काल जांच कराई और अब आरोपी कानून के शिकंजे में हैं।”
