- नगर निगम सभापति सूर्यकान्त राठौड़ ने जल विशेषज्ञों से ली राय, शहर में भूजल स्तर बढ़ाने पर हुआ मंथन

रायपुर@ बारिश के पानी को संरक्षित कर भूजल स्तर को बेहतर बनाने के लिए रायपुर नगर निगम ने जरूरी पहल शुरू कर दी है। नगर निगम के सभापति सूर्यकान्त राठौड़ ने जोन-2 कार्यालय में शहर के पंजीकृत जियो हाईड्रोलॉजिस्ट (जल विशेषज्ञों) के साथ बैठक कर रेन वाटर हार्वेस्टिंग को लेकर सुझाव लिए। इस दौरान विशेषज्ञों ने शहर में तेजी से रेन वाटर हार्वेस्टिंग पीट बनाने की आवश्यकता जताई।
हर बोरवेल के पास बनेगा रेन वाटर हार्वेस्टिंग पीट
बैठक में विशेषज्ञों ने सुझाव दिया कि रायपुर शहर के हर बोरवेल के समीप जल संरक्षण हेतु रेन वाटर हार्वेस्टिंग पीट का निर्माण प्राथमिकता से किया जाए। इससे भूजल स्तर में सुधार आएगा और जल संकट की स्थिति से निपटने में मदद मिलेगी। तालाबों के संरक्षण और अन्य जल स्रोतों को भी सहेजने की बात कही गई।

जनजागरूकता और कार्यशालाएं होंगी आयोजित
जल विशेषज्ञों ने सुझाव दिया कि रेन वाटर हार्वेस्टिंग की व्यवहारिक जरूरत और उसके लाभ को लेकर आम जनता को जागरूक किया जाना चाहिए। इसके लिए नगर निगम द्वारा समाजहित में कार्यशालाएं आयोजित की जाएं ताकि नागरिकों में जल संरक्षण को लेकर जागरूकता बढ़े।
सभापति ने दी आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन
सभापति सूर्यकान्त राठौड़ ने सभी जियो हाईड्रोलॉजिस्ट—विपिन दुबे, के. पाणीग्रही, डी. पी. वर्मा, रंजीत डे, राधारमन नायक, भूपेन्द्र पटेल—को आश्वस्त किया कि नगर निगम रायपुर रेन वाटर हार्वेस्टिंग के सभी जरूरी सुझावों पर शीघ्र कार्रवाई करेगा। उन्होंने इसे जनहित और शहर के भविष्य के लिए जरूरी कदम बताया।
