- ग्रामीण क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ी, कई गांवों में हाई अलर्ट जारी

Raipur : महासमुंद वन मंडल के कोना और जीवतरा के जंगलों में दो दंतैल (बड़े नर हाथी) के पहुंचने की जानकारी सामने आई है। हाथियों की गतिविधियों को ध्यान में रखते हुए वन विभाग ने आसपास के कई गांवों में सतर्कता बढ़ा दी है और ग्रामीणों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
शनिवार रात ये दोनों दंतैल वन विकास निगम के कक्ष क्रमांक 54 और 55 से होते हुए सिरपुर के रास्ते फुसेराडीह रोड पार कर राष्ट्रीय राजमार्ग 53 पर पहुंचे। इसके बाद हाथी बागबाहरा रोड पार करते हुए केशवा गांव की ओर बढ़े और कक्ष क्रमांक 78 व 79 के कोना और जीवतरा के जंगल में प्रवेश कर गए। वन विभाग की टीम ने इनकी वर्तमान स्थिति पर नजर बनाए रखी है।

वन अधिकारियों ने बताया कि हाथी अब कक्ष क्रमांक 80 की ओर आगे बढ़ सकते हैं। इसे देखते हुए कोना, जीवतरा, बकमा, धनसुली, केशवा और खट्टी गांवों को सतर्क कर दिया गया है। वन अमले ने इन गांवों में जाकर लोगों को हाथियों की मौजूदगी की जानकारी दी और उन्हें सुरक्षित रहने की सलाह दी है।
गरियाबंद जिले की ओर बढ़ने की संभावना
वन विभाग को आशंका है कि ये दंतैल महासमुंद वन मंडल से आगे बढ़ते हुए गरियाबंद जिले के फिंगेश्वर रेंज में प्रवेश कर सकते हैं। इस संभावना को देखते हुए नाचनबाय, रजकट्टी, खैरझिटी, तर्जुन्गा, गुंडरदेही और बांगनवा सहित आसपास के गांवों को भी सतर्क कर दिया गया है। ग्रामीणों को जंगल की ओर न जाने और हाथियों से दूरी बनाए रखने की अपील की गई है।

वन विभाग कर रहा जागरूकता अभियान
हाथियों की गतिविधियों को देखते हुए वन विभाग की टीम गांव-गांव जाकर लोगों को सावधानी बरतने की जानकारी दे रही है। मुनादी के माध्यम से चेतावनी दी जा रही है और जंगल से सटे स्कूलों व आंगनबाड़ियों को भी सतर्क किया गया है। वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी प्रकार की जानकारी या आपात स्थिति में तुरंत नजदीकी वन अधिकारी को सूचना दें। विभाग की टीमें लगातार निगरानी में जुटी हैं और हाथियों की गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए पूरी तैयारी की गई है।
