रायपुर(Raipur)पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गहरा शोक प्रकट किया है। इस दुखद घटना के चलते मुख्यमंत्री ने अपने आज के सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं।
मुख्यमंत्री का आज रायपुर और धमतरी में कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में भाग लेने का पूर्व निर्धारित कार्यक्रम था। रायपुर में कच्छ कड़वा पाटीदार समाज के स्वर्णिम महोत्सव में शामिल होने और धमतरी में हितग्राहियों को स्वामित्व कार्ड वितरित करने के साथ-साथ विकास कार्यों के लोकार्पण व भूमिपूजन कार्यक्रम भी तय थे। लेकिन डॉ. मनमोहन सिंह के निधन के बाद इन सभी कार्यक्रमों को स्थगित कर दिया गया है।
डॉ. मनमोहन सिंह को बताया महान अर्थशास्त्री
मुख्यमंत्री साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शोक संदेश साझा करते हुए लिखा कि डॉ. मनमोहन सिंह देश के महान अर्थशास्त्रियों में से एक थे। उन्होंने वित्त मंत्री, रिजर्व बैंक के गवर्नर और योजना आयोग के प्रमुख जैसे महत्वपूर्ण पदों पर रहकर देश की सेवा की। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।
संवाददाता – बीना बाघ
