रायपुर(Raipur)उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने रायपुर निवास कार्यालय में पत्रकारों से चर्चा के दौरान जानकारी दी कि प्रदेश में पंचायत और नगरीय निकाय चुनाव एक साथ कराए जाएंगे। इन चुनावों में मतदान बैलेट पेपर से होगा, जिसकी तैयारियां राज्य निर्वाचन आयोग ने पूरी कर ली हैं।
उन्होंने बताया कि सरकार ने चुनाव की तैयारियां काफी पहले से शुरू कर दी थीं। सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के तहत आरक्षण पद्धति में बदलाव किया गया और पिछड़ा वर्ग आयोग की रिपोर्ट के आधार पर आरक्षण तय किया गया है। इस बार महापौर और अध्यक्ष का चुनाव प्रत्यक्ष प्रणाली से कराने का निर्णय लिया गया है।
डिप्टी सीएम ने यह भी बताया कि कई नए नगरीय निकाय बनाए गए हैं और नगर पंचायतों को नगर पालिका का दर्जा दिया गया है। नगरीय निकायों में महापौर और अध्यक्ष पद के लिए आरक्षण 7 जनवरी तक तय किया जाएगा। इसके बाद चुनाव आयोग को सूचना भेजी जाएगी, जो चुनाव की तारीखें घोषित करेगा।
उन्होंने यह भी कहा कि पहले मतदाता सूची साल में एक बार तैयार होती थी, लेकिन अब हर तीन महीने में सूची अपडेट करने का निर्णय लिया गया है। साथ ही, बोर्ड परीक्षाएं मार्च में होने के कारण सरकार सभी चुनाव बोर्ड परीक्षा से पहले कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
संवाददाता – बीना बाघ
