रायपुर(Raipur)उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने आज अपने रायपुर निवास कार्यालय में पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि प्रदेश में पंचायत और नगरीय निकाय चुनाव एक साथ कराए जाएंगे। दोनों चुनाव बैलेट पेपर से होंगे, और इसकी तैयारी राज्य निर्वाचन आयोग ने पूरी कर ली है।
आरक्षण पद्धति में बदलाव और नई व्यवस्था
उन्होंने बताया कि पंचायत और नगरीय निकाय चुनावों को लेकर सरकार ने काफी पहले से तैयारी शुरू कर दी थी। सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुसार आरक्षण पद्धति में बदलाव किए गए हैं। पिछड़ा वर्ग आयोग की रिपोर्ट के आधार पर आरक्षण लागू किया गया है।
महापौर और अध्यक्ष का प्रत्यक्ष चुनाव
इस बार महापौर और अध्यक्ष के चुनाव प्रत्यक्ष प्रणाली से कराने का निर्णय लिया गया है। इसके अलावा, कुछ नगर पंचायतों को नगर पालिका में अपग्रेड किया गया है, जिससे तैयारियों में समय लगा।
चुनाव कार्यक्रम जल्द होगा घोषित
डिप्टी सीएम ने कहा कि नगरीय निकायों में महापौर और अध्यक्ष पद के लिए आरक्षण 7 जनवरी तक निर्धारित किया जाएगा। आरक्षण प्रक्रिया समाप्त होते ही इसकी जानकारी निर्वाचन आयोग को दी जाएगी, जिसके बाद चुनाव कार्यक्रम घोषित होगा।
मतदाता सूची में नई व्यवस्था
उन्होंने बताया कि अब मतदाता सूची साल में एक बार नहीं, बल्कि हर तीन महीने में अपडेट की जाएगी, जिससे नए मतदाताओं को नाम जुड़वाने में आसानी होगी। सरकार का प्रयास है कि बोर्ड परीक्षाओं से पहले चुनाव प्रक्रिया पूरी कर ली जाए।
संवाददाता – बीना बाघ
