जयमंगल पटेल बने आदिम जाति अनुसंधान संस्थान के विभागीय अध्यक्ष, कर्मचारियों की उम्मीदों को नई दिशा

रायपुर @ आदिम जाति अनुसंधान एवं प्रशिक्षण संस्थान, नवा रायपुर के कर्मचारियों के लिए एक नई शुरुआत की उम्मीद जगाने वाली खबर सामने आई है। संस्थान में कार्यरत अनुसंधान सहायक जयमंगल पटेल को संस्थान की विभागीय समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति छत्तीसगढ़ संचालनालयीन शासकीय कर्मचारी संघ की ओर से की गई है, जिसे संघ की संशोधित नियमावली 2017 की धारा 12(अ) व (ब) के तहत अधिकार प्राप्त हैं।

7 दिनों में बनेगी नई समिति

संघ के अध्यक्ष जय प्रकुमार द्वारा हस्ताक्षरित आदेश में साफ तौर पर उल्लेख किया गया है कि जयमंगल पटेल को अब आगामी 7 दिनों के भीतर विभागीय समिति का गठन करना होगा और इसकी जानकारी संघ को देना अनिवार्य है। यह समिति संस्थान में कार्यरत कर्मचारियों की समस्याओं, अधिकारों और कल्याण से जुड़ी गतिविधियों को सशक्त रूप से आगे बढ़ाने का कार्य करेगी।

कर्मचारियों के लिए नई उम्मीद

नव नियुक्त अध्यक्ष जयमंगल पटेल ने कहा कि यह पद उन्हें केवल एक ज़िम्मेदारी नहीं, बल्कि कर्मचारियों की आवाज़ को मजबूती से उठाने का मंच प्रदान करता है। उन्होंने यह भी जोड़ा कि उनका प्रयास रहेगा कि संस्थान में सकारात्मक और सहयोगपूर्ण कार्य वातावरण स्थापित किया जाए, ताकि सभी कर्मचारी अपने कार्यों को आत्मविश्वास और सम्मान के साथ निभा सकें।इस नियुक्ति के मौके पर संघ के कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे, जिनमें महासचिव संजीत शर्मा, महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष जगदीप बजाज, संगठन सचिव लोकेश वर्मा और सचिव बिनिशा एक्का शामिल हैं। इसके अलावा संघ के संरक्षक रामसागर कौशले की भी गरिमामयी उपस्थिति रही।

प्रशासनिक अधिकारियों को भेजी गई सूचना

संघ ने इस आदेश की जानकारी रायपुर के कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, नोडल अधिकारियों व थाना प्रभारी सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारियों को भी भेजी है, ताकि विभागीय समिति के गठन और उसकी गतिविधियों में समुचित सहयोग मिल सके। संघ ने उम्मीद जताई है कि जयमंगल पटेल के नेतृत्व में बनने वाली समिति संस्थान के कर्मचारियों के हितों की रक्षा करते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाएगी। यह कदम न केवल कर्मचारियों के लिए लाभकारी होगा, बल्कि पूरे संस्थान के विकास में भी नई ऊर्जा का संचार करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *