25 साल की सेवा को सलाम, नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने वार्ड-34 की मितानिन दीदियों का किया सम्मान

मुंह मीठा कराकर श्रीफल, मिठाई और वस्त्र भेंट किए; बोले- मितानिन दीदियां स्वास्थ्य सेवाओं की मजबूत कड़ी

रायपुर। मितानिन सम्मान दिवस के अवसर पर रायपुर नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने पंडित रविशंकर शुक्ल वार्ड क्रमांक-34 की मितानिन दीदियों का सम्मान किया। इस दौरान उन्होंने मितानिन बहनों का मुंह मीठा कराकर श्रीफल, मिठाई और वस्त्र भेंट किए। सम्मान पाकर मितानिन दीदियों के चेहरों पर खुशी और उत्साह दिखाई दिया।

इस अवसर पर आकाश तिवारी ने कहा कि मितानिन दीदियां पिछले 25 वर्षों से भी अधिक समय से लगातार जनसेवा में जुटी हुई हैं। गर्भवती महिलाओं की देखभाल, बच्चों का टीकाकरण, मलेरिया-डेंगू की रोकथाम और बीपी-शुगर की जांच जैसे स्वास्थ्य संबंधी कार्यों में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। कोरोना महामारी के कठिन दौर में भी मितानिन दीदियों ने घर-घर पहुंचकर लोगों को दवाइयां, जांच और जरूरी स्वास्थ्य संबंधी सहायता उपलब्ध कराने में योगदान दिया।

उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार का उल्लेख करते हुए कहा कि उस कार्यकाल में मितानिनों का मानदेय बढ़ाने और प्रोत्साहन राशि देने जैसे कदम उठाए गए थे। साथ ही मितानिन सम्मान दिवस को व्यापक स्तर पर मनाकर उनके योगदान को पहचान दिलाई गई थी।

आकाश तिवारी ने कहा कि मितानिनों को समय पर पूरा मानदेय मिलना चाहिए और स्वास्थ्य केंद्रों में उन्हें सम्मानजनक व्यवहार मिलना जरूरी है। वार्ड-34 में उनकी समस्याओं के समाधान के लिए वे हमेशा उनके साथ खड़े रहेंगे।

कार्यक्रम में मितानिन दीदियों ने सम्मान के लिए आभार जताते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों से मिलने वाला ऐसा प्रोत्साहन उन्हें और बेहतर तरीके से सेवा करने की ऊर्जा देता है।

अंत में आकाश तिवारी ने सभी जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संस्थाओं से अपील की कि वे अपने क्षेत्र की मितानिन दीदियों का सम्मान करें, क्योंकि सम्मान से उनका उत्साह और सेवा भावना बढ़ती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *