मितानिन दिवस पर गुरु गोविंद सिंह वार्ड की 22 मितानिन बहनों का हुआ सम्मान

स्वास्थ्य सेवाओं में योगदान के लिए पार्षद कैलाश बेहरा और सौरभ मिश्रा ने किया सम्मानित

रायपुर। मितानिन दिवस के अवसर पर गुरु गोविंद सिंह वार्ड में स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति समर्पित 22 मितानिन बहनों के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम पार्षद कैलाश बेहरा के कार्यालय में संपन्न हुआ। इस दौरान भाजपा जिला कार्यसमिति सदस्य सौरभ मिश्रा एवं पार्षद कैलाश बेहरा ने सभी मितानिन बहनों को सम्मानित कर उनके सेवा कार्यों की सराहना की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अतिथियों ने कहा कि मितानिन बहनें समाज में स्वास्थ्य जागरूकता फैलाने और आम लोगों तक स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। वे घर-घर जाकर लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करती हैं। विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं की देखभाल, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, बच्चों के टीकाकरण और जरूरतमंद परिवारों को स्वास्थ्य संबंधी मार्गदर्शन देने में उनका योगदान सराहनीय है।

वक्ताओं ने कहा कि मितानिन बहनें स्वास्थ्य विभाग और आम जनता के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी हैं। विपरीत परिस्थितियों में भी वे पूरी निष्ठा और सेवाभाव से अपने दायित्वों का निर्वहन करती हैं। उनके प्रयासों से समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य जागरूकता पहुंच रही है।

इस अवसर पर भाजपा शंकर नगर मंडल उपाध्यक्ष आकाश तिवारी, तेलीबांधा मंडल महामंत्री महेश बघेल सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने मितानिन बहनों के समर्पण और जनसेवा की भावना को नमन करते हुए उन्हें मितानिन दिवस की शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *