अपने ही जोन कार्यालय में अध्यक्ष ने जड़ा ताला, धरने पर बैठे सत्ताधारी पार्षद; आकाश तिवारी ने पूछा- निगम चला कौन रहा है?

रायपुर। रायपुर नगर निगम में जोन क्रमांक-8 के अध्यक्ष द्वारा अपने ही जोन कार्यालय में तालाबंदी कर धरने पर बैठने का मामला राजनीतिक विवाद का विषय बन गया है। सत्ताधारी दल के पार्षदों को अपने वार्डों के काम नहीं होने के विरोध में धरना देना पड़ा। इस घटना को लेकर नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने महापौर और निगम प्रशासन पर तीखा हमला बोला है।

आकाश तिवारी ने कहा कि रायपुर नगर निगम में ऐसी स्थिति पहले कभी देखने को नहीं मिली। जब सत्ताधारी दल के पार्षदों के ही छोटे-छोटे काम नहीं हो रहे हैं और उन्हें जोन कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं, तो आम जनता की परेशानी का अंदाजा लगाया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि ट्रिपल इंजन की सरकार होने के बावजूद सड़क, बिजली और सफाई जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए महापौर को विशेष सामान्य सभा बुलानी पड़ रही है। इससे निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े होते हैं।

तिवारी ने सवाल उठाया कि नगर निगम का संचालन अधिकारी कर रहे हैं या महापौर? उन्होंने कहा कि महापौर, विधायक, एमआईसी सदस्य और सत्ताधारी पार्षद तक असंतुष्ट नजर आ रहे हैं। ऐसे में जनता की समस्याओं का समाधान कैसे होगा?

उन्होंने महापौर से तत्काल हस्तक्षेप कर जोन अध्यक्ष को तालाबंदी के लिए मजबूर होने की परिस्थितियों का जवाब देने की मांग की। तिवारी ने कहा कि जब सत्ताधारी पार्षदों की सुनवाई नहीं हो रही, तो आम जनता की समस्याएं कौन सुनेगा?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *