हर घर में स्नेह का दीप जलाने पहुंचे आकाश तिवारी, बुजुर्गों से लिया आशीर्वाद, छोटे व्यापारियों के साथ मनाई दिवाली

रायपुर। दिवाली के पावन अवसर पर रायपुर नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष एवं पंडित रविशंकर शुक्ल वार्ड क्रमांक 34 के पार्षद आकाश तिवारी ने अपनी प्रतिवर्ष निभाई जाने वाली स्नेह परंपरा को इस बार भी जारी रखा। उन्होंने वार्ड के घर-घर पहुंचकर लोगों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं और खुशियों में सहभागिता निभाई।

इस दौरान आकाश तिवारी ने केवल वार्डवासियों ही नहीं, बल्कि त्योहार को खास बनाने वाले छोटे व्यापारियों और मेहनतकश परिवारों के घर भी पहुंचकर दिवाली की खुशियां बांटी। उन्होंने कुम्हारों, हलवाइयों, किसानों, बताशा, झालर, चुगनी, झाड़ू और फ्लेक्स व्यवसाय से जुड़े लोगों को शुभकामनाएं देते हुए उनके योगदान की सराहना की।

आकाश तिवारी ने कहा कि दिवाली तभी सार्थक है, जब दीप बनाने वाले कुम्हार के घर भी दीप जले और मिठाई बनाने वाले हलवाई के परिवार में भी मिठास बनी रहे। त्योहार की खुशियां समाज के हर वर्ग तक पहुंचनी चाहिए।

घर-घर जनसंपर्क के दौरान उन्होंने वार्ड के बुजुर्गों के घर पहुंचकर चरण स्पर्श किए और उनका आशीर्वाद लिया। बुजुर्गों ने भी उन्हें स्नेहपूर्वक आशीर्वाद दिया।

आकाश तिवारी ने कहा कि उनके लिए वार्ड केवल एक क्षेत्र नहीं, बल्कि परिवार है। सभी वार्डवासियों के सहयोग, प्रेम और भाईचारे से ही वार्ड रोशन है। उन्होंने सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। वार्डवासियों ने भी उनकी इस आत्मीय परंपरा की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *