नारी मन की गहराई को छूता उपन्यास ‘काया’, 17 मई को होगा लोकार्पण समारोह

  • जया जादवानी के नए उपन्यास का विमोचन वृंदावन हॉल में, साहित्य प्रेमियों के लिए खास अवसर


Raipur : मशहूर लेखिका और जन संस्कृति मंच (जसम) रायपुर इकाई की सक्रिय सदस्य जया जादवानी के नए उपन्यास “काया” का लोकार्पण 17 मई को शाम 6 बजे वृंदावन हॉल में किया जाएगा। यह उपन्यास नारी संवेदना और अस्तित्व को एक बिल्कुल नए और गहरे नजरिए से देखने की कोशिश है, जो परंपरागत सामाजिक ढांचे से बाहर की बात करता है।

‘काया’ को भोपाल के प्रतिष्ठित मंजुल प्रकाशन ने प्रकाशित किया है। इस उपन्यास में जया जादवानी ने महिला जीवन के उन पहलुओं को उजागर किया है जो आमतौर पर लेखन में नजरअंदाज कर दिए जाते हैं। शारीरिक और मानसिक स्तर पर स्त्री के मनोविज्ञान की पड़ताल करने वाला यह उपन्यास कई मायनों में अनूठा है।

इस लोकार्पण समारोह की अध्यक्षता करेंगे वरिष्ठ साहित्य आलोचक और राष्ट्रीय साहित्य अकादमी के सदस्य सियाराम शर्मा। कार्यक्रम में चर्चित समीक्षक विद्या राजपूत, रवि अमरानी और जसम रायपुर अध्यक्ष आनंद बहादुर विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। संचालन की जिम्मेदारी वरिष्ठ पत्रकार राजकुमार सोनी संभालेंगे।

कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुति के रूप में प्रतिष्ठित जोड़ी वसु गंधर्व और निवेदिता शंकर द्वारा कविताओं का गायन भी किया जाएगा, जो इस शाम को और भी भावपूर्ण बनाएगा। अंत में आभार प्रदर्शन लेखिका रूपेंद्र तिवारी करेंगी।

जसम रायपुर ने सभी साहित्य प्रेमियों और बुद्धिजीवियों से अपील की है कि वे इस खास मौके पर उपस्थित होकर साहित्य और संवेदना की इस नई दिशा का हिस्सा बनें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *