तेन्दूपत्ता बना बस्तर के आदिवासियों की आर्थिक रीढ़


– मंत्री केदार कश्यप ने औचक निरीक्षण में जताया भरोसा—हर पत्ता खरीदेगी साय सरकार

दिनेश यदु @ Raipur : बस्तर की धरती पर हर साल जब जंगलों में तेन्दूपत्ता टूटता है, तो वो सिर्फ पत्ता नहीं होता, वो बस्तर के हजारों आदिवासी परिवारों की उम्मीदें और मेहनत होती है। इसी हरे सोने को संजोते हुए मंगलवार को छत्तीसगढ़ के वन मंत्री केदार कश्यप गोलावंड क्षेत्र के तेन्दूपत्ता फड़ में पहुंचे और वहां काम कर रहे संग्रहण कर्ताओं से मुलाकात की।
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा—“हमारी साय सरकार हर एक तेन्दूपत्ता खरीदेगी। यह हम बस्तर के परिवारजनों से किया गया वादा है और इसे पूरा किया जाएगा।”

आदिवासियों के लिए तेन्दूपत्ता नहीं, ‘हरा सोना’ है

केदार कश्यप ने कहा कि तेन्दूपत्ता बस्तर के आदिवासी परिवारों के लिए सोने से कम नहीं है। इस पत्ते की कमाई से कोई अपनी बेटी की शादी करता है, तो कोई बच्चों की पढ़ाई का खर्च उठाता है। यह न सिर्फ आर्थिक मदद देता है, बल्कि आदिवासी समाज की भावनाओं से भी गहराई से जुड़ा है।

कांग्रेस पर लगाए गंभीर आरोप

वन मंत्री ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में तेन्दूपत्ता बोनस घोटाले और खरीदी में भ्रष्टाचार ने आदिवासियों का हक छीना। उन्होंने दावा किया कि साय सरकार अब उस हर गड़बड़ी का हिसाब ले रही है, और आदिवासियों के हित में खरीदी की दरें बढ़ाई गई हैं।

5500 रुपए प्रति क्विंटल दर से खरीदी

तेन्दूपत्ता खरीदी के नए दर के तहत अब सरकार 5500 रुपए प्रति क्विंटल मानक बोरा खरीदेगी। इससे 12.5 लाख आदिवासी संग्राहक परिवारों को सीधा फायदा होगा और अनुमानित रूप से 240 करोड़ रुपए की अतिरिक्त आय इन परिवारों को मिलेगी।

बस्तर की संपदा, बस्तर के विकास के लिए

मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि बस्तर क्षेत्र वन, खनिज, नदी-नालों और उर्वरा भूमि से भरपूर है। यहां 65 प्रकार की लघु वनोपज जैसे महुआ, इमली, अमचूर आदि का संग्रहण होता है। सरकार की योजना है कि इनका स्थानीय स्तर पर ही वैल्यू एडीशन और प्रोसेसिंग किया जाए, ताकि लाभ सीधे आदिवासी समुदाय को मिले।

उन्होंने मोटे अनाजों जैसे कोदो, कुटकी और रागी को लेकर भी कहा कि इनकी बढ़ती मांग को देखते हुए स्थानीय किसानों को प्रोत्साहन और प्रोसेसिंग सुविधा दी जाएगी, जिससे उनकी आमदनी में वृद्धि हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *