मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का औचक निरीक्षण,बरगद की छांव में चौपाल ग्रामीणों से सीधे संवाद

Raipur : सुशासन तिहार 2025 के तहत छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज अपने निरीक्षण के दूसरे दिन बेमेतरा जिले के सहसपुर गांव का अचानक दौरा किया। मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर जब गांव के मैदान में उतरा, तो ग्रामीण आश्चर्यचकित रह गए। गांव के पुराने बरगद पेड़ की घनी छांव में मुख्यमंत्री ने खाट पर बैठकर ग्रामीणों के साथ खुली चौपाल लगाई और उनकी समस्याएं सुनीं।

मुख्यमंत्री के स्वागत में ग्रामीणों ने पारंपरिक तरीके से सदाबहार फूलों की माला पहनाई, चंदन लगाया और आरती उतारी। इस आत्मीयता से भरे पल में गांव और सरकार के बीच की दूरी कुछ पलों के लिए पूरी तरह मिट गई।

मुख्यमंत्री ने इस दौरान गांव के ऐतिहासिक 13वीं-14वीं शताब्दी के फणी नागवंशी राजाओं द्वारा निर्मित प्राचीन शिव मंदिर और हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना की। मंदिर की ऐतिहासिकता और ग्रामीण आस्था को देखते हुए मुख्यमंत्री ने इन मंदिरों के सौंदर्यीकरण की घोषणा की। साथ ही उन्होंने कहा कि मंदिर को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा और उन्होंने वादा किया कि “महाशिवरात्रि के मेले में वे स्वयं सहसपुर आएंगे।”

मुख्यमंत्री ने चौपाल में ग्रामीणों की प्रमुख मांगों को गंभीरता से लेते हुए कई घोषणाएं कीं—

  • हायर सेकेंडरी स्कूल के लिए नए भवन की स्वीकृति
  • 33 केव्ही विद्युत सब स्टेशन की स्थापना की घोषणा
  • मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण व पर्यटन विकास योजना की घोषणा

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि “सुशासन का अर्थ सिर्फ योजनाओं की घोषणा नहीं, बल्कि लोगों के बीच जाकर उनकी वास्तविक समस्याएं जानना है।” उन्होंने अफसरों को निर्देश दिए कि हर शिकायत को समयबद्ध तरीके से हल किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *