हैजा से जूझ रहे टेमरी गांव में पहुंची मदद, संदीप यदु ने संभाली कमान

  • स्वच्छ जल और इलाज की व्यवस्था तेज, ग्रामीणों को राहत की उम्मीद

रायपुर @ टेमरी गांव में फैले हैजा के प्रकोप ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है, लेकिन संकट की इस घड़ी में जिला पंचायत उपाध्यक्ष संदीप यदु ने मोर्चा संभालते हुए गांव का दौरा किया और स्थिति की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कदम उठाए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर पीड़ितों के इलाज और गांव में स्वास्थ्य व्यवस्था को दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

संदीप यदु ने पीड़ितों से मुलाकात की और उनकी स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि ग्राम टेमरी में स्वच्छ पेयजल की कमी बीमारी का बड़ा कारण है। इस पर तुरंत कार्रवाई करते हुए उन्होंने जिला कलेक्टर से फोन पर चर्चा कर गांव में पानी के टैंकर भिजवाने की व्यवस्था कराई। साथ ही पुराने और संदिग्ध हैंडपंपों की सफाई और जांच के भी निर्देश दिए।

स्वास्थ्य अमले को सक्रिय करते हुए उन्होंने घर-घर जाकर लोगों को ORS घोल, उबालकर पानी पीने की सलाह और अन्य बचाव के उपायों की जानकारी देने को कहा। ग्रामीणों को आश्वासन देते हुए उन्होंने कहा कि प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और जरूरत पड़ने पर चिकित्सा शिविर भी लगाए जाएंगे।

गांव की महिलाओं और बच्चों में भय का माहौल था, लेकिन उपाध्यक्ष की तत्परता और सकारात्मक पहल से अब लोगों को राहत मिलने की उम्मीद जगी है। संदीप यदु ने कहा कि ग्रामीणों को किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य सुविधा से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा।यह पहल ना सिर्फ प्रशासन की संवेदनशीलता को दर्शाती है बल्कि ग्रामीणों के प्रति संदीप यदु की जिम्मेदारी और सजगता का भी प्रमाण है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *