- 44 डिग्री तापमान में कांग्रेसी नेताओं ने किया प्रदर्शन
- प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज और नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत के नेतृत्व में कांग्रेस ने बढ़ते अपराधों के खिलाफ किया विरोध प्रदर्शन
रायपुर @ प्रदेश में अपराधों के बढ़ते ग्राफ को लेकर कांग्रेस ने आज एक आक्रामक प्रदर्शन किया। प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज और नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत के नेतृत्व में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री निवास का घेराव करने के लिए नगर निगम मुख्यालय कस पास से मार्च निकाला। इस प्रदर्शन में हजारों की संख्या में कांग्रेसजनों और आम नागरिकों ने हिस्सा लिया। लोकसभा प्रत्याशी विकास उपाध्याय भी इस आंदोलन में शामिल हुए, जिन्होंने रायपुर लोकसभा क्षेत्र से सैकड़ों कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को अपने साथ लेकर विरोध प्रदर्शन में भाग लिया।

44 डिग्री तापमान में संघर्ष
44 डिग्री तापमान के बावजूद कांग्रेसी कार्यकर्ता पूरी ऊर्जा और जोश के साथ मुख्यमंत्री निवास की ओर बढ़े। रास्ते में पुलिस ने बैरिकेटिंग कर दी, लेकिन कांग्रेसी कार्यकर्ता इसके बावजूद संघर्ष करते हुए मुख्यमंत्री निवास की ओर बढ़े। इस दौरान, पूर्व विधायक विकास उपाध्याय और उनके साथियों ने पुलिस द्वारा लगाए गए दो बैरिकेट्स को तोड़कर आगे बढ़ने में सफलता पाई। यह घटना यह दर्शाती है कि कांग्रेसी कार्यकर्ता प्रदेश सरकार की नीतियों और बढ़ते अपराधों के खिलाफ अपनी आवाज उठाने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं।

छत्तीसगढ़ अपराध के बढ़ते गढ़ में बदल चुका है
पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने इस मौके पर कहा कि जब से छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनी है, तब से प्रदेश अपराधों के मामले में देश में सबसे ऊपर आ गया है। उपाध्याय ने आंकड़े पेश करते हुए बताया कि छत्तीसगढ़ में अपराधों की संख्या में बेतहाशा वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा, “उत्तर प्रदेश और बिहार जैसे राज्यों को पीछे छोड़ते हुए छत्तीसगढ़ ने अपराध के मामलों में नंबर वन का स्थान हासिल किया है। बलात्कार, हत्या, अपहरण, लूट, डकैती और चोरी जैसी घटनाएं अब आम हो गई हैं।
जनवरी 2024 से लेकर अब तक की स्थिति में केवल कुछ जिलों में 1027 हत्याएं, 424 लूट, 7288 चोरी, 2980 बलात्कार, 3333 अपहरण और 54 डकैती के मामले सामने आए हैं।” उपाध्याय ने चेतावनी दी कि अगर अपराधों का ग्राफ इसी तरह बढ़ता रहा, तो कांग्रेस पार्टी जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए और भी बड़े आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा, “हमारी आवाज उतनी ही बुलंद होगी, जितनी गहरी भ्रष्टाचार की जड़ें होंगी। भाजपा सरकार के इस कुशासन को उखाड़ फेंकने का समय आ चुका है।”

आंदोलन का उद्देश्य भाजपा सरकार के खिलाफ जागरूकता फैलाना
कांग्रेस का यह घेराव आंदोलन प्रदेश में बढ़ते अपराधों, भ्रष्टाचार और अन्याय के खिलाफ एक जागरूकता अभियान के रूप में आयोजित किया गया। इस आंदोलन का मुख्य उद्देश्य जनता को भाजपा सरकार की नीतियों और उनके प्रभाव से अवगत कराना था। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की गलत नीतियों के कारण प्रदेश में अपराध का ग्राफ बढ़ा है और आम नागरिकों को असुरक्षा का सामना करना पड़ रहा है।

नेताओं की उपस्थिति और समर्थन
इस कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज, नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत, राष्ट्रीय सचिव विजय जांगिड़, ज़रिता लैतफलांग और सैंकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही। सभी नेताओं ने इस मौके पर प्रदेश में बढ़ते अपराधों के खिलाफ एकजुट होकर लड़ाई जारी रखने का संकल्प लिया।
