Raipur News : छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में किसानों को बड़ी राहत मिली है। जल संसाधन मंत्री केदार कश्यप के निर्देश पर किसानों की सिंचाई की समस्या को हल करने के लिए नहरों में पानी छोड़ा गया। पिछले एक महीने से इंद्रावती नदी से पानी की मांग को लेकर किसान आंदोलन कर रहे थे। किसानों की मांग को गंभीरता से लेते हुए मंत्री ने जलाशयों से पानी छोड़ने का आदेश दिया।

इंद्रावती बचाओ संघर्ष समिति के किसानों ने मंत्री केदार कश्यप से जल आपूर्ति की समस्या दूर करने की अपील करते हुए ज्ञापन सौंपा था। इसके अलावा, खण्डसरा, नहरनी, केशरापाल, कुम्हली, फ़ाफनी, मूरकुची, बेसोली, बाकेल, सोरगांव, भानपुरी और फरसागुडा के किसानों ने भी सिंचाई के लिए पानी की मांग की थी।
मंत्री के आदेश पर सिंचाई विभाग ने 1 अप्रैल 2025 को कोसार्टेडा जलाशय से तीसरी बार 6.00 क्यूमेक पानी नहरों के माध्यम से छोड़ा। विभाग द्वारा कुल 10 एमसीएम पानी सिंचाई के लिए उपलब्ध कराया जाएगा। इससे किसानों को बड़ी राहत मिली है, और उन्होंने मंत्री को धन्यवाद देते हुए जलाशयों के निर्माण की मांग की है।

मंत्री केदार कश्यप ने इस संबंध में कहा कि CM vishnudev सरकार के लिए किसानों की समस्याओं का समाधान सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने यह भी कहा कि किसानों को सिंचाई के लिए पानी मिलना उनके लिए खुशी की बात है, और इससे उनकी फसलों को पानी मिलेगा, जिससे उनकी समस्याओं का समाधान होगा। साथ ही, नहरों में पानी छोड़ने से सिंचाई की समस्या दूर हो जाएगी, जो किसानों के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है।
