भाजपा का कांग्रेस पर बड़ा हमला: कहा- संविधान और लोकतंत्र का सम्मान कांग्रेस ने हर बार किया नजरअंदाज

रायपुर(Raipur) भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव ने कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए कहा कि आज संविधान बचाने के नाम पर शोर मचाने वाली कांग्रेस का असली चरित्र राजनीतिक स्वार्थ से भरा हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने हमेशा राजनीतिक विरोध के चलते भाजपा और अन्य गैर-कांग्रेसी सरकारों को बर्खास्त करने में कोई हिचक नहीं दिखाई।

श्रीवास्तव ने शुक्रवार को भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेस ब्रीफिंग में कहा कि 06 दिसंबर, 1992 को कांग्रेस ने लोकतंत्र और संविधान को गंभीर नुकसान पहुँचाया था। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, राजस्थान और हिमाचल प्रदेश में चुनी गई भाजपा सरकारों को तख्तापलट कर बर्खास्त किया गया था, जिसे बाद में जबलपुर हाई कोर्ट ने अवैध ठहराया था।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के ऐसे कदम लोकतंत्र की हत्या के समान हैं। साथ ही बाबरी मस्जिद ढहने के अगले दिन तत्कालीन प्रधानमंत्री पी.वी. नरसिम्हाराव के संसद में दिए गए बयान को भी उन्होंने संविधान विरोधी बताया।

संजय श्रीवास्तव ने कहा कि कांग्रेस ने राम जन्मभूमि स्थल पर मस्जिद बनाने का वादा किया था और इसके लिए अभी तक माफी तक नहीं मांगी है। इसके अलावा कांग्रेस के अनुच्छेद 370 को बहाल करने के वादे को लेकर भी उन्होंने सवाल उठाए।

भाजपा प्रदेश महामंत्री ने कांग्रेस के इस असंवैधानिक और लोकतंत्र विरोधी रवैये की आलोचना करते हुए कहा कि देश को कांग्रेस के राजनीतिक इतिहास और तुष्टीकरण की राजनीति को हमेशा याद रखना चाहिए।

प्रेस ब्रीफिंग में इन नेताओं ने लिया भाग:

प्रदेश मीडिया प्रभारी अमित चिमनानी, सह प्रभारी अनुराग अग्रवाल, प्रदेश प्रवक्ता अमरजीत छाबड़ा, और अन्य पार्टी नेता।

संवाददाता – बीना बाघ

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *