- अश्विनी नगर और बंधवा तालाब इलाके में संदिग्ध हालत में घूम रहे थे आरोपी, पुलिस ने जब्त किए दो अवैध चाकू
रायपुर @ थाना पुरानी बस्ती पुलिस ने चाकूबाजों पर कार्रवाई के तहत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से अवैध रूप से रखे गए चाकू जब्त किए हैं। पुलिस ने इस कार्रवाई को उस समय अंजाम दिया जब दोनों आरोपी शहर के अलग-अलग इलाकों में संदिग्ध हालात में घूम रहे थे। समय पर मिली सूचना और पुलिस की तत्परता से कोई गंभीर वारदात होने से पहले ही दोनों को पकड़ा गया।

पुरानी बस्ती थाना प्रभारी योगेश कश्यप ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के नाम शंकर यादव निवासी अमरपुरी काली मंदिर के पास और विष्णु ध्रुव उर्फ दददू निवासी उसी इलाके से बताए गए हैं। शंकर को बंधवा तालाब के पास पीपल पेड़ के नीचे और विष्णु को अश्विनी नगर गौरा-गौरी चौक के पास संदिग्ध हालत में घूमते पाया गया। दोनों के पास से एक-एक लोहे का चाकू बरामद किया गया।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दोनों व्यक्ति अवैध रूप से चाकू लेकर घूम रहे हैं और किसी बड़ी घटना को अंजाम दे सकते हैं। सूचना पर तत्काल दोनों स्थानों पर पुलिस टीम रवाना हुई। जैसे ही आरोपी पुलिस को देखे, भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस की सतर्कता से उन्हें पकड़ लिया गया।
दोनों आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 178/2025 और 179/2025 धारा 25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है।
