मुख्यमंत्री साय का अचानक दौरा, किसी भी गांव में उतर सकता है हेलीकॉप्टर

  • आम लोगों से मिलकर लेंगे योजनाओं का फीडबैक

दिनेश यदु @ Raipur : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शनिवार को एक बड़ा कदम उठाते हुए राजधानी रायपुर के पुलिस ग्राउंड स्थित हेलीपैड से हेलीकॉप्टर के जरिए आकस्मिक दौरे पर रवाना हो गए। यह दौरा पूर्व नियोजित नहीं है और इसकी खासियत यह है कि मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर राज्य के किसी भी जिले या गांव में उतर सकता है। इस तरह का दौरा मुख्यमंत्री की नई कार्यशैली को दर्शाता है, जिसमें वे बिना किसी सूचना के सीधे आम जनता से संवाद स्थापित कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री का यह दौरा राज्य सरकार की ओर से चलाए जा रहे ‘सुशासन तिहार’ के तीसरे चरण का हिस्सा है। इस अभियान का उद्देश्य है कि शासन व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी व जवाबदेह बनाया जा सके। मुख्यमंत्री खुद जमीनी स्तर पर जाकर देखना चाहते हैं कि सरकार की योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंच रहा है या नहीं। इसके लिए वे ग्रामीणों से सीधे मिलेंगे, उनकी समस्याएं सुनेंगे और योजनाओं पर उनकी राय लेंगे।

मुख्यमंत्री ने इससे पहले भी कई बार कहा है कि उनकी सरकार केवल कागजी कामों में विश्वास नहीं करती, बल्कि धरातल पर परिणाम दिखाना ही असली सफलता है। इसी सोच के तहत यह पहल की गई है। यह भी तय किया गया है कि 31 मई तक राज्यभर में समाधान शिविरों का आयोजन किया जाएगा, जहां आमजन की समस्याओं का मौके पर ही निराकरण किया जाएगा।

इस आकस्मिक दौरे की खास बात यह है कि इसमें किसी जिले या अधिकारी को पहले से सूचना नहीं दी जा रही है। मुख्यमंत्री अचानक पहुंचेंगे और सीधे लोगों से बात करेंगे। इसका उद्देश्य प्रशासनिक व्यवस्था की असल हालत को समझना और जनता की आवाज को सीधे सुनना है। इससे सरकारी अधिकारियों पर भी जवाबदेही तय होगी और वे अपने काम को गंभीरता से लेंगे।

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का यह कदम ग्रामीण जनता में एक सकारात्मक संदेश भेज रहा है। लोग उम्मीद कर रहे हैं कि उनकी समस्याएं अब ज्यादा तेजी से हल होंगी। कई ग्रामीणों ने इसे ‘जनता के बीच का मुख्यमंत्री’ कहकर सराहा है।

मुख्य बातें संक्षेप में:

मुख्यमंत्री ने रायपुर से हेलीकॉप्टर द्वारा किया आकस्मिक दौरा

किसी भी जिले, गांव या कस्बे में उतर सकता है हेलीकॉप्टर

ग्रामीणों से सीधे संवाद कर लेंगे योजनाओं पर फीडबैक

31 मई तक राज्यभर में लगेगा समाधान शिविर

सुशासन तिहार के तीसरे चरण का हिस्सा है यह दौरा

प्रशासनिक अधिकारियों की जिम्मेदारी तय होगी

जनता को मिलेगी राहत, शिकायतों का मिलेगा त्वरित समाधान

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *