छात्रों ने खुद सिखाया तकनीकी ज्ञान – गुरुकुल महिला कॉलेज में स्किल एनहांसमेंट प्रोग्राम
Raipur: गुरुकुल महिला महाविद्यालय के कंप्यूटर विज्ञान विभाग द्वारा एक खास स्किल एनहांसमेंट प्रोग्राम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों के तकनीकी ज्ञान के साथ-साथ उनके बोलने, समझाने और टीम में काम करने की क्षमता को बढ़ाना था। खास बात यह रही कि इस कार्यक्रम में छात्रों ने खुद मंच पर आकर तकनीकी विषयों पर व्याख्यान (Lecture) दिया।

कार्यक्रम में छात्रों ने बड़ी तैयारी और आत्मविश्वास के साथ प्रोग्रामिंग की मूल बातें, वेब डेवलपमेंट, डाटाबेस प्रबंधन, साइबर सुरक्षा और नई-नई तकनीकों पर अपने विचार साझा किए। छात्रों की प्रस्तुति में न केवल जानकारी का आदान-प्रदान हुआ, बल्कि उनकी नेतृत्व क्षमता, टीमवर्क और प्रस्तुतीकरण स्किल भी देखने को मिली।

विभागाध्यक्ष डॉ. अमिता तेलंग ने इस कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा, “जब छात्र एक-दूसरे को सिखाते हैं, तो उनका आत्मविश्वास बढ़ता है और उन्हें विषय की गहराई से समझ भी आती है। ऐसे आयोजन छात्रों के संपूर्ण विकास में सहायक होते हैं।”
कार्यक्रम में विभाग की फैकल्टी मेंबर्स प्रियंका तिवारी, आंशिका दुबे और स्नेह ठाकुर भी मौजूद थीं। सभी ने छात्रों की मेहनत और प्रस्तुति की तारीफ की।

यह कार्यक्रम छात्रों के लिए न केवल एक सीखने का मौका था, बल्कि उन्होंने मंच पर बोलने का अनुभव भी पाया। भविष्य में भी इस तरह के कार्यक्रमों से छात्रों को और अधिक सीखने का अवसर मिलेगा।
