टीमवर्क और तकनीकी दक्षता पर जोर, IG अमरेश मिश्रा ने पुलिस अधिकारियों की ली बैठक

रायपुर के C-4 सभागार में ‘विजन 2025’ को लेकर रणनीति पर हुई गहन चर्चा

रायपुर @ शहर की कानून व्यवस्था को और बेहतर बनाने तथा “विजन 2025” के लक्ष्यों को हासिल करने के लिए रायपुर पुलिस प्रशासन ने एक अहम बैठक का आयोजन किया। सी-4 सभागार में आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता पुलिस महानिरीक्षक (IG) अमरेश कुमार मिश्रा ने की। बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) डॉ. लाल उमेंद सिंह सहित जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी और थाना प्रभारी शामिल हुए।

‘टीम में काम करने और चुनौतियों को सुलझाने’ पर विशेष कार्यशाला

बैठक का मुख्य आकर्षण “Working in Teams & Implementation Challenges” विषय पर आयोजित कार्यशाला रही। इसमें उपस्थित निरीक्षकों और वरिष्ठ अधिकारियों ने अपने विचार साझा किए और बताया कि किस प्रकार सीमित संसाधनों में भी गुणवत्ता बनाए रखते हुए बेहतर पुलिसिंग की जा सकती है।

विजन 2025 के लिए बनाई गई कार्ययोजना

बैठक में विजन 2025 के तहत तय किए गए लक्ष्यों को हासिल करने के लिए चरणबद्ध योजना पेश की गई। पुलिस अधिकारियों ने थानों में बेहतर प्रबंधन, संसाधनों के कुशल उपयोग, फोर्स की मल्टी टास्किंग क्षमता और तकनीकी दक्षता को बढ़ाने जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की। IG मिश्रा ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे नेतृत्व क्षमता का विकास करते हुए टीम भावना के साथ काम करें और अधीनस्थों से समन्वय बनाकर उत्कृष्ट पुलिसिंग करें।

लंबित मामलों और शिकायतों के शीघ्र निराकरण के निर्देश

IG ने सभी अधिकारियों को राज्य शासन के निर्देशों और पूर्व बैठकों के निर्णयों का पालन सुनिश्चित करने को कहा। इसके अलावा लंबित अपराध, मर्ग (अप्राकृतिक मौत), गुम इंसान और शिकायतों की समीक्षा कर उन्हें प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध तरीके से सुलझाने के निर्देश दिए गए। “सुशासन तिहार” के अंतर्गत प्राप्त जनशिकायतों की भी समीक्षा कर उचित कार्यवाही के लिए कहा गया।

ट्रैफिक व्यवस्था पर विशेष ध्यान

बैठक में शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने पर भी जोर दिया गया। IG ने यातायात पुलिस को शराब पीकर वाहन चलाने, तेज रफ्तार, बिना हेलमेट या सीट बेल्ट के वाहन चलाने वालों पर मोटरयान अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई करने को कहा। इसके अलावा अवैध पार्किंग और मालवाहक वाहनों में सवारी बैठाने जैसी अनियमितताओं पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।

उच्च स्तर की पुलिसिंग की ओर एक और कदम

इस बैठक के जरिए स्पष्ट हुआ कि रायपुर पुलिस प्रशासन सिर्फ अपराध नियंत्रण तक सीमित नहीं है, बल्कि वह बेहतर प्रबंधन, तकनीकी दक्षता और जनसंपर्क को भी प्राथमिकता दे रहा है। IG मिश्रा का यह प्रयास राजधानी में अनुशासित, जागरूक और परिणामोन्मुख पुलिसिंग की दिशा में एक सशक्त कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *