45 फीट ऊंचे रावण का होगा दहन, कलकत्ता की टीम करेगी आतिशबाजी

रायपुर। छत्तीसगढ़ नगर दशहरा उत्सव समिति के 19वें वर्ष के दशहरा उत्सव का भूमि पूजन विधिवत संपन्न हुआ। समिति अध्यक्ष एवं पूर्व पार्षद देवेंद्र यादव के नेतृत्व में आयोजित इस उत्सव में इस वर्ष 45 फीट ऊंचा रावण तथा 30-30 फीट ऊंचे कुंभकर्ण और मेघनाथ के पुतले आकर्षण का केंद्र रहेंगे। कलकत्ता की टीम द्वारा भव्य आतिशबाजी की प्रस्तुति दी जाएगी।

भूमि पूजन कार्यक्रम में पूर्व महापौर प्रमोद दुबे, वरिष्ठ भाजपा नेता सुभाष तिवारी, पार्षद एवं जोन-6 अध्यक्ष बद्री प्रसाद गुप्ता, ब्लॉक अध्यक्ष ओम श्रीवास, साहू संघ के प्रदेश संयुक्त सचिव प्रदीप साहू सहित समिति के पदाधिकारी, सदस्य और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

समिति पिछले 19 वर्षों से लगातार दशहरा उत्सव का आयोजन कर रही है। उत्सव में भगवान श्रीराम की लीला और रामायण का मंचन कर सत्य, धर्म, मर्यादा एवं सदाचार का संदेश दिया जाएगा। रात्रिकालीन सांस्कृतिक कार्यक्रम में गरियाबंद के भूपेंद्र साहू द्वारा रंग सरोवर कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाएगा। विशाल पुतलों, आतिशबाजी, रामलीला और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से आयोजन भव्य एवं आकर्षक होगा। आयोजन को लेकर क्षेत्रवासियों में उत्साह का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *