मृदुभाषी अधिकारी सुभाषचंद्र श्रीवास्तव को दी गई सम्मानपूर्वक विदाईसंचालनालयीन कर्मचारी संघ ने किया आयोजन, सेवा भावना को किया नमन

रायपुर। इंद्रावती भवन स्थित छत्तीसगढ़ संचालनालयीन (विभागाध्यक्ष) शासकीय कर्मचारी संघ द्वारा सोमवार को एक गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम वरिष्ठ संयुक्त सचिव सुभाषचंद्र श्रीवास्तव के सम्मान में रखा गया, जो 30 जून 2025 को अधिवार्षिकी (60 वर्ष) आयु पूर्ण कर शासकीय सेवा से सेवानिवृत्त हो रहे हैं।

श्री श्रीवास्तव वर्तमान में तकनीकी शिक्षा संचालनालय में अधीक्षक के पद पर पदस्थ हैं और साथ ही संचालनालयीन कर्मचारी संघ में वरिष्ठ संयुक्त सचिव के रूप में कार्यरत हैं। अपनी सेवा अवधि के दौरान उन्होंने संगठन और विभाग दोनों में ही ईमानदारी, निष्ठा और शांत व्यवहार से अपनी अलग पहचान बनाई।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ संचालनालयीन शासकीय कर्मचारी संघ के अध्यक्ष जय कुमार साहू ने कहा कि “श्रीवास्तव जी एक प्रेरणादायक व्यक्तित्व हैं। उन्होंने हमेशा कर्मचारियों के हितों को प्राथमिकता दी और संगठन को मजबूती प्रदान की। उनकी कार्यशैली और समर्पण आने वाले कर्मचारियों के लिए एक मार्गदर्शक बनी रहेगी।”

संरक्षक कमल वर्मा, जगदीप बजाज, महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष, महासचिव संजीत शर्मा, उपाध्यक्ष कुमार वर्मा, कोषाध्यक्ष सुरेन्द्र मारकण्डेय, संगठन सचिव लोकेश वर्मा, प्रचार सचिव नीतिन आठनकर, खेल सचिव महेन्द्र साहू और देबाशीष दास सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी श्री श्रीवास्तव को उनके समर्पण और सेवा भावना के लिए शुभकामनाएं दीं।

सभी ने एक स्वर में कहा कि भविष्य में भी श्रीवास्तव का अनुभव संगठन के लिए अमूल्य रहेगा और वे समय-समय पर मार्गदर्शन देते रहेंगे। कार्यक्रम के अंत में श्रीवास्तव ने सभी साथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “जो कुछ भी मैंने किया, वह एक टीम भावना से संभव हुआ।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *