एडिशनल एसपी तारकेश्वर पटेल ने निष्पक्ष जांच और हरसंभव सहयोग का दिया आश्वासन, निगम आयुक्त संबित मिश्रा ने भी दिए जांच के निर्देश
रायपुर। पंडरी स्थित जीवन बीमा मार्ग की दुकानों में देर रात हुई कथित अवैध तोड़फोड़ का मामला अब तूल पकड़ने लगा है। घटना से प्रभावित व्यापारियों को न्याय दिलाने के लिए रायपुर नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी उनके साथ रायपुर कमिश्नरेट पहुंचे। यहां उन्होंने एडिशनल एसपी तारकेश्वर पटेल से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी दी और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
पीड़ित व्यापारियों के अनुसार, कुछ दिन पहले मध्यरात्रि करीब 2 बजे मकान मालिक की ओर से बिना पूर्व सूचना दिए दुकानों के ऊपर की छत तोड़ दी गई। अचानक हुई इस घटना से दुकानों के भीतर रखा लाखों रुपये का सामान क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे व्यापारियों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। व्यापारियों का आरोप है कि तोड़फोड़ करने वाले लोगों को पकड़कर देवेंद्र नगर थाने के सुपुर्द किया गया था, लेकिन अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है।
इस दौरान आकाश तिवारी ने कहा कि दीपावली जैसे महत्वपूर्ण त्योहार के समय व्यापारियों के साथ इस तरह की घटना होना बेहद गंभीर है। व्यापारी पूरे साल त्योहारों के सीजन में कारोबार की उम्मीद रखते हैं। ऐसे समय में उनकी दुकानों को नुकसान पहुंचाना उनकी रोजी-रोटी पर सीधा हमला है। उन्होंने आरोप लगाया कि देवेंद्र नगर थाने से भी पीड़ित व्यापारियों को अपेक्षित सहयोग नहीं मिल रहा है।
आयुक्त से भी की थी चर्चा
इस मामले में आकाश तिवारी ने नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा से भी चर्चा की थी। आयुक्त ने प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने के निर्देश दिए हैं। वहीं, एडिशनल एसपी तारकेश्वर पटेल ने मामले पर पुनर्विचार कर जांच कराने और पुलिस की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
आकाश तिवारी ने कहा कि व्यापारी शहर की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। जब तक पीड़ित व्यापारियों को न्याय नहीं मिलता, वे उनके साथ खड़े रहेंगे।
इस अवसर पर विजय राजपुरोहित, जमुना प्रसाद गुप्ता, महबूब खान, कमल यादव, अजीम खान, बबलू कुमार, राजू राजदार, दीपक कुमार, शाहिद खान और प्रकाश राव सहित बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।

