लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ अभियान में उमड़ा जनसैलाब, पुरन्दर मिश्रा के नेतृत्व में उत्तर विधानसभा की दमदार भागीदारी

काली मंदिर में पूजा-अर्चना कर विधायक ने किया जनसंकल्प का शुभारंभ, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी महारैली में हुए शामिल

रायपुर। राजधानी रायपुर में भाजपा के ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत आयोजित महारैली में उत्तर विधानसभा क्षेत्र से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। विधायक पुरन्दर मिश्रा के नेतृत्व में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने लोकतंत्र, सुशासन और राष्ट्रहित के समर्थन में अपनी एकजुटता प्रदर्शित की।

महारैली से पहले विधायक पुरन्दर मिश्रा ने आकाशवाणी स्थित काली मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर अभियान की सफलता की कामना की। इसके बाद उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ जनअभियान का शुभारंभ किया। प्रदेशभर से पहुंचे हजारों कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में महारैली नेताजी सुभाष स्टेडियम से प्रारंभ होकर नगर घड़ी चौक तक निकाली गई। इसमें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी शामिल हुए। रैली के दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर जनजागरण का संदेश दिया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि उसकी राजनीति के कारण युवाओं को भ्रमित करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने युवाओं से विकास, रोजगार और राष्ट्र निर्माण की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।

विधायक पुरन्दर मिश्रा ने कहा कि लोकतंत्र भारत की आत्मा है और इसकी रक्षा करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि अराजकता, भ्रम और समाज को बांटने वाली राजनीति के खिलाफ जनता को एकजुट होना होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास और सुशासन के नए युग की ओर बढ़ रहा है।

महारैली में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, केदार कश्यप, टंक राम वर्मा, गुरु खुशवंत साहेब, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, महापौर मीनल चौबे, विधायक राजेश मूणत, सुनील सोनी, मोतीलाल साहू, अनुज शर्मा, सुशांत शुक्ला सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे। उत्तर विधानसभा के कार्यकर्ताओं की बड़ी भागीदारी ने रैली को भव्य स्वरूप प्रदान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *