जिला राज्योत्सव में शामिल हुए तोमन साहू, विभिन्न विभागीय स्टालों का किया अवलोकन

जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाने का बेहतर माध्यम है राज्योत्सव : तोमन साहू

बालोद। जिला मुख्यालय में आयोजित जिला राज्योत्सव कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ रेड क्रॉस सोसायटी के चेयरमैन एवं जिला पंचायत बालोद के उपाध्यक्ष श्री तोमन साहू शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का अवलोकन किया और विभागीय योजनाओं, गतिविधियों तथा जनकल्याणकारी कार्यों की जानकारी प्राप्त की।

कार्यक्रम का शुभारंभ क्षेत्रीय सांसद श्री भोज राज नाग ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। राज्योत्सव के अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा आकर्षक स्टाल लगाए गए थे, जिनके माध्यम से शासन की योजनाओं, उपलब्धियों और जनहित में संचालित कार्यक्रमों की जानकारी प्रदर्शित की गई। इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों एवं संस्थाओं को सम्मानित भी किया गया।

श्री तोमन साहू ने सभी विभागों के स्टालों का निरीक्षण करते हुए वहां प्रदर्शित योजनाओं और सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन तथा आम नागरिकों को मिल रहे लाभ के संबंध में चर्चा भी की।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राज्योत्सव केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं है, बल्कि यह छत्तीसगढ़ की समृद्ध संस्कृति, गौरवशाली परंपराओं और विकास यात्रा को करीब से जानने का महत्वपूर्ण मंच है। ऐसे आयोजनों से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी सीधे आम जनता तक पहुंचती है।

उन्होंने कहा कि विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों से नागरिकों को सरकारी योजनाओं और सुविधाओं की जानकारी मिलती है। इससे लोगों में जागरूकता बढ़ती है और वे शासन की योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित होते हैं। उन्होंने राज्योत्सव के सफल आयोजन की सराहना करते हुए आयोजकों एवं संबंधित विभागों को बधाई दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *