त्रिमूर्ति नगर के स्वामी आत्मानंद स्कूल में शेड निर्माण का भूमिपूजन

विधायक पुरन्दर मिश्रा ने किया शुभारंभ, विद्यार्थियों को मिलेगी बेहतर सुविधा

रायपुर। उत्तर विधानसभा क्षेत्र के त्रिमूर्ति नगर स्थित स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में विद्यार्थियों की सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई। विद्यालय परिसर में प्रस्तावित शेड निर्माण कार्य का भूमिपूजन बुधवार को उत्तर विधानसभा क्षेत्र के विधायक पुरन्दर मिश्रा ने विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया।

इस अवसर पर विधायक पुरन्दर मिश्रा ने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ बेहतर शैक्षणिक वातावरण और आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना भी जरूरी है। विद्यालय परिसर में शेड का निर्माण होने से विद्यार्थियों और विद्यालय परिवार को निर्धारित गतिविधियों के संचालन में सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि बच्चों का उज्ज्वल भविष्य समाज और राष्ट्र की प्रगति का आधार है। इसलिए शिक्षा के क्षेत्र में अधोसंरचना मजबूत करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।

विधायक ने कहा कि क्षेत्र के विकास के साथ स्कूलों में सुविधाओं का विस्तार भी जरूरी है, ताकि विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए अनुकूल वातावरण मिल सके और उन्हें आगे बढ़ने के समान अवसर प्राप्त हों।

कार्यक्रम में एमआईसी सदस्य एवं पार्षद महेंद्र खोडियार, वार्ड पार्षद खगपति सोनी, एल्डरमैन गोपाल सोना तथा विद्यालय की प्राचार्य कीर्ति सोनी सहित जनप्रतिनिधि, शिक्षकगण और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। उपस्थित लोगों ने शेड निर्माण को विद्यालय की आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में उपयोगी कदम बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *