
दिवाली से तुलसी पूजा तक आंदोलन स्थगित करें राजनीतिक दल : राष्ट्रीय फेरी पटरी ठेला व्यवसायी महासंघ
त्योहारी सीजन में छोटे व्यापारियों की आजीविका प्रभावित न करने की अपील, सभी प्रमुख दलों को भेजा पत्र
नई दिल्ली। राष्ट्रीय फेरी पटरी ठेला व्यवसायी महासंघ ने दिवाली से लेकर तुलसी पूजा तक के त्योहारी सीजन को देखते हुए देश के सभी प्रमुख राजनीतिक दलों से प्रदर्शन और आंदोलनों को स्थगित करने की अपील की है। महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष एडवोकेट आलोक पाण्डेय के नेतृत्व में कांग्रेस, भाजपा, सपा, बसपा सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के राष्ट्रीय एवं दिल्ली प्रदेश अध्यक्षों को इस संबंध में पत्र भेजे गए हैं।
महासंघ के अनुसार, राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे, अखिलेश यादव, डॉ. उदित राज सहित अन्य प्रमुख नेताओं के कार्यालयों को भी ईमेल के माध्यम से पत्र प्रेषित किए गए हैं। पत्र में कहा गया है कि दिल्ली में जारी विरोध-प्रदर्शनों के कारण फेरी-पटरी और ठेला व्यवसायियों की आजीविका प्रभावित हो रही है।
महासंघ ने कहा कि दीपावली और अन्य त्योहार छोटे व्यापारियों के लिए कमाई का सबसे महत्वपूर्ण समय होते हैं। इनकी आय प्रतिदिन की बिक्री पर निर्भर करती है। त्योहारों के दौरान होने वाली कमाई से ही वे अपने परिवार की जरूरतें पूरी करते हैं। ऐसे में बाजारों और सड़कों पर आवागमन बाधित होने से उनकी बिक्री प्रभावित होती है और आर्थिक संकट की स्थिति बन सकती है।
संगठन ने स्पष्ट किया कि वह लोकतांत्रिक व्यवस्था में शांतिपूर्ण विरोध के अधिकार का सम्मान करता है। हालांकि, आंदोलनों के कारण गरीब और मेहनतकश व्यवसायियों की रोजी-रोटी प्रभावित नहीं होनी चाहिए।
महासंघ ने सभी राजनीतिक दलों से संवेदनशीलता के साथ विचार करने और संबंधित पक्षों से संवाद कर समाधान निकालने का आग्रह किया है। संगठन का कहना है कि लोकतांत्रिक विरोध और छोटे व्यापारियों की आजीविका, दोनों का संरक्षण जरूरी है।
