छत्तीसगढ़ बजरंग दल के कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में 30 अक्टूबर को नगर निगम में दिया जाएगा ज्ञापन
रायपुर। छत्तीसगढ़ में आगामी हिंदू पर्व गौरी-गौरा पूजा को देखते हुए तालाबों की साफ-सफाई का मुद्दा उठाया जा रहा है। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ बजरंग दल द्वारा रायपुर नगर निगम से शहर के सभी तालाबों की सफाई कराने की मांग की जाएगी। इसके लिए संगठन की ओर से नगर निगम में आवेदन सौंपने का निर्णय लिया गया है।
संगठन की ओर से जारी सूचना के अनुसार, गौरी-गौरा पूजा छत्तीसगढ़ की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा का महत्वपूर्ण पर्व है। इस पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की आस्था और धार्मिक गतिविधियों को ध्यान में रखते हुए तालाबों की स्वच्छता सुनिश्चित करना आवश्यक है। तालाबों में गंदगी और अव्यवस्था के कारण पूजा-पाठ करने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना न करना पड़े, इसके लिए समय रहते सफाई कराने की मांग की जाएगी।
इस संबंध में छत्तीसगढ़ बजरंग दल ने सभी कार्यकर्ताओं से निर्धारित कार्यक्रम में उपस्थित रहने की अपील की है। संगठन का कहना है कि सामूहिक रूप से नगर निगम पहुंचकर तालाबों की नियमित सफाई और स्वच्छता व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए आवेदन दिया जाएगा।

